घर से नाराज होकर भागी नाबालिग को गिधौरी पुलिस ने बस स्टैंड से किया सुरक्षित रेस्क्यू, परिजनों को सौंपा
● पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के ‘सुरक्षा एवं सजगता अभियान’ का दिखा असर
● बस स्टैंड पर संदिग्ध हालत में खड़ी थी 15 वर्षीय बालिका, पेट्रोलिंग टीम की सजगता से बची
गिधौरी/बलौदाबाजार:
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के कुशल निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘सुरक्षा एवं सजगता अभियान’ के तहत थाना गिधौरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की मुस्तैदी और सजगता के चलते घर से नाराज होकर भाग रही एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 25 जून 2026 को थाना गिधौरी की पुलिस पेट्रोलिंग टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के मद्देनजर मुस्तैदी से गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गिधौरी बस स्टैंड पर एक 15 वर्षीय बालिका बेहद परेशान और संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बच्ची से बेहद संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह ग्राम महुवाडीह (थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) की रहने वाली है। आज घर में पिता द्वारा किसी बात पर डांट देने से नाराज होकर वह बिना बताए घर से भाग निकली थी और बाहर जाने के लिए बस स्टैंड में बस का इंतजार कर रही थी।
बालिका की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गिधौरी पुलिस उसे तत्काल सुरक्षित थाने लेकर आई। थाने में महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बालिका को ढांढस बंधाया गया और उसकी काउंसिलिंग की गई।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका के गृह ग्राम और उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाना गिधौरी बुलाया। थाने पहुंचे परिजनों को भी पुलिस द्वारा बच्चों के साथ संवेदनशीलता और मित्रवत व्यवहार करने की समझाइश दी गई। कागजी कार्रवाई के पश्चात बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी लाडली को सुरक्षित पाकर परिजनों ने बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की इस तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।
पुलिस की जनता से अपील:
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे बच्चों के साथ हमेशा मित्रवत व्यवहार रखें, ताकि वे नाराज होकर ऐसा कोई कदम न उठाएं। इसके साथ ही, यदि आसपास कोई भी संदिग्ध या एकाकी बच्चा दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।