बलौदाबाजार में खनिज माफियाओं पर बड़ा एक्शन, 7 दिनों में 13 मामले दर्ज; लाखों का जुर्माना वसूला

BIRENDRA KUMAR SEN

June 21, 2026

बलौदाबाजार में खनिज माफियाओं पर बड़ा एक्शन, 7 दिनों में 13 मामले दर्ज; लाखों का जुर्माना वसूला

बलौदाबाजार, 20 जून 2026

जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वाले खनिज माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के कड़े निर्देश के बाद खनिज विभाग द्वारा लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाइयां की जा रही हैं। इसी कड़ी में पिछले 7 दिनों के भीतर विभाग ने कुल 13 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें लाखों रुपये की पेनाल्टी और गाड़ियां जब्त की गई हैं।

​खनिज विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रेत के अवैध उत्खनन के 2 और अवैध परिवहन के 13 मामले दर्ज किए गए हैं।

  • सोनाखान (सोनपुर तहसील): यहां बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी 2 चैन माउंटेन मशीनों को सील कर दिया गया। साथ ही दोषी उत्खननकर्ता से मौके पर ही 2,38,000 रुपये का अर्थदंड (जुर्माना) वसूल किया गया।
  • लवन (परसापली तहसील): महानदी क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही 1 चैन माउंटेन मशीन और 3 हाइवा वाहनों को विभाग ने जब्त किया है।

​अवैध परिवहन को रोकने के लिए बनाई गई खनिज टास्क फोर्स की टीम ने भी सिमगा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने रेत से लदे 11 हाइवा वाहनों को पकड़ा, जो नियमों को ताक पर रखकर अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग कर रहे थे। इन सभी वाहनों पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

20 लाख रुपये का राजस्व वसूलने की तैयारी

खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर यह नकेल आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल की गई इस पूरी कार्रवाई के तहत लगभग 20 लाख रुपये का खनिज राजस्व वसूल करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इस कड़े एक्शन से जिले के अवैध रेत और खनिज कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment