कसडोल, 19 जून 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में संचालित ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के अंतर्गत कसडोल नगर में वृहद पंजीयन शिविर एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. जांगड़े ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों से शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा जरूरतमंद लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी संपन्न की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे आमजन तक पहुंच रही है। इससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो रही है तथा शासन की जनकल्याणकारी सोच को मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर में हितग्राहियों के पंजीयन के साथ-साथ योजनाओं से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुसुमलता पैकरा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष देवानंद नायक, नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू, टुंड्रा नगर पंचायत अध्यक्ष छतराम साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. सुदीप दास मानिकपुरी, बया मंडल अध्यक्ष, जनपद सदस्य, नगर पंचायत के सभापति एवं पार्षदगण, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के पदाधिकारी, एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।