मानवता और सेवा भावना का एक प्रेरणादायक उदाहरण थाना गिधौरी क्षेत्र में देखने को मिला, जहां डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी भुनेश्वर सांडे (80 वर्ष) को देर रात बिच्छू ने डंक मार दिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों द्वारा तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची।
ड्यूटी पर तैनात आरक्षक कमलेश बर्मन एवं वाहन चालक रूपेश साहू ने गंभीर अवस्था में बुजुर्ग को तत्काल वाहन में बैठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरपाली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया।
समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से बुजुर्ग की स्थिति में सुधार हुआ और वर्तमान में वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। परिजनों ने डायल-112 टीम की तत्परता एवं संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि डायल-112 केवल आपातकालीन सेवा ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनरक्षक बनकर कार्य कर रही है। पुलिस की तत्परता और सेवा भावना की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।
गिधौरी पुलिस एवं डायल-112 टीम के इस सराहनीय कार्य को लेकर आम नागरिकों ने भी प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी सेवाएं लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करती हैं।