हेल्पिंग हैंड्स चैरिटी समूह ने किया 160 जरूरतमंदों को 20 लाख रुपयों से भी अधिक का आर्थिक सहयोग,

BHUPENDRA SINHA

June 12, 2026

छुरा / गरियाबंद:- हेल्पिंग हैंड चैरिटी ग्रुप छुरा की वार्षिक बैठक दिनांक 11 जून 2026 को संपन्न हुई। बैठक में संस्था के सदस्यों द्वारा ग्रुप के 6 वर्षों के कार्यों की समीक्षा उपरांत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा किया गया और आवश्यक सामूहिक निर्णय लिए गए।

संस्था ने गरियाबंद जिलांतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आर्थिक सहायता करने के नियम में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए निर्णय लिया कि एक वित्तीय वर्ष में एक परिवार को केवल एक बार ही सहायता प्रदान की जाएगी। ग्रुप बैठक में कार्यकारिणी टीम द्वारा 6 वर्षों में कुल 160 जरुरतमंदों को कुल 19 लाख 87 हजार 830 रुपए की मदद पहुंचाने की जानकारी दी गई, जो कि बिना कोई शासकीय सहयोग या अन्य के जन सहयोग से ही यह बड़ा सहयोग काबिल-ए-तारीफ है।

बैठक के दौरान संस्था को एक पंजीकृत संस्था के रूप में पंजीकृत कराने का निर्णय लिया गया। इस दौरान ग्रुप सदस्य श्री हेमन्त विश्वकर्मा द्वारा हेल्पिंग ग्रुप को एक व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। यह व्हीलचेयर उनके दिवंगत पिता श्री कृपाराम विश्वकर्मा की स्मृति में प्रदान की गई है। संस्था ने निर्णय लिया है कि आवश्यकता पड़ने पर किसी स्थानीय जरुरतमंद को अधिकतम दो माह की अवधि के लिए यह व्हीलचेयर नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

अंत में संस्था के सदस्यों ने जनसेवा एवं जरूरतमंदों की सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए समाज के सहयोग से सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। वार्षिक बैठक में ग्रुप के कोषाध्यक्ष श्री लक्की मेमन, सचिव गोपाल सोनी सहित ग्रुप के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment