महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। थाना बागबाहरा और थाना कोमाखान पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 14.600 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर कबीरधाम और राजनांदगांव क्षेत्र में पुड़िया बनाकर बिक्री करने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
थाना बागबाहरा पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को 1 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-353 से गांजे की खेप लेकर कुछ लोग गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 9.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त सीजी-09 जेएस-3340 नंबर की मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये, तथा दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) जब्त किए।
आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी-प्रेम कुमार साहू (32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 14, बोड़ला, जिला कबीरधाम।
आसिम खान (26 वर्ष), निवासी गंडई खुर्द, जिला कबीरधाम।
जब्त संपत्ति-9.900 किलो गांजा – 5 लाख रुपये,एक मोटरसाइकिल – 70 हजार रुपये,दो मोबाइल फोन – 10 हजार रुपये,कुल जब्ती मूल्य – 5 लाख 80 हजार रुपये
कोमाखान पुलिस ने 4.7 किलो गांजा के साथ युवक को दबोचा
दूसरे मामले में थाना कोमाखान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से एक युवक मोटरसाइकिल में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम सुवरमाल तिराहा, एनएच-353 में वाहनों की सघन जांच शुरू की।
कुछ समय बाद बताए गए हुलिए की प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-08 एजे-3419 को रोककर जांच की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय कुमार यादव (22 वर्ष) निवासी टेडेसरा, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा ओडिशा के इजगांव क्षेत्र से लाकर राजनांदगांव में पुड़िया बनाकर बेचने वाला था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी-संजय कुमार यादव (22 वर्ष), निवासी वार्ड 09, टेडेसरा, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव।
जब्त सामग्री- 4.700 किलो गांजा – 2 लाख 35 हजार रुपये,एक मोटरसाइकिल – 30 हजार रुपये,एक मोबाइल फोन – 3 हजार रुपये,कुल जब्ती मूल्य – 2 लाख 68 हजार रुपये
जनवरी से अब तक 35 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त
पुलिस विभाग के अनुसार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक कुल 102 प्रकरण दर्ज कर 7099.651 किलोग्राम (70 क्विंटल 99 किलो) गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 35 करोड़ 39 लाख 79 हजार 950 रुपये है।
इसी अवधि में गांजा तस्करी से जुड़े 250 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 62 आरोपी छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 188 आरोपी अन्य राज्यों से संबंधित हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और अन्य सहयोगियों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।