महासमुंद। वाहन नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। ऑनलाइन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो ऐसे स्कूटी चालकों को पकड़ा, जिन्होंने अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट में बदलाव कर भ्रामक नंबर प्रदर्शित किए थे। दोनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट एवं बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय महासमुंद में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को ऑनलाइन वाहन जांच के दौरान स्कूटी क्रमांक CG 06 GS/6297 के चालक मनोज ईदवानी और स्कूटी क्रमांक CG 06 GF/8399 के चालक युवराज साहू अपनी गाड़ियों में संशोधित एवं भ्रमित करने वाले नंबर प्लेट लगाकर शहर में घूमते पाए गए। जांच के दौरान कांग्रेस चौक के पास पुलिस टीम ने जब दोनों वाहनों को रोका तो दोनों चालक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से हुज्जतबाजी और हंगामा करने लगे।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एम.व्ही. एक्ट की धारा 39/192(1)(ए) के साथ ही बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों को बाद में एसडीएम न्यायालय महासमुंद के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में शामिल आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
1- युवराज साहू, पिता डालाराम साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी बरोंडाबाजार, थाना एवं जिला महासमुंद।
2- मनोज ईदवानी, पिता माधव दास ईदवानी, उम्र 44 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 24 पिटियाझर, महासमुंद।
महासमुंद पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन की नंबर प्लेट को साफ एवं स्पष्ट रखें। नंबर प्लेट पर किसी प्रकार का टेप, स्टीकर या स्क्रैच लगाना कानूनन अपराध है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नंबर प्लेट छिपाने या बदलने वाले मामलों में अब धोखाधड़ी की धाराओं के तहत भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा, क्योंकि ऐसे वाहनों का उपयोग कई बार आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है।
पुलिस ने कहा कि शहर में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।