प्रधानमंत्री मोदी की अपील का सारंगढ़ में दिखा असर

SARJU PRASAD SAHU

May 20, 2026

ई-रिक्शा से जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, दिया ईंधन बचत का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाओ और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब सारंगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। बढ़ते वैश्विक ईंधन संकट और महंगे पेट्रोल-डीजल के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने एक सराहनीय पहल करते हुए ई-रिक्शा से जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर लोगों को सकारात्मक संदेश दिया।

सारंगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने नियमित शासकीय कार्यों के लिए ई-रिक्शा का उपयोग कर आम नागरिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईंधन की बचत और वैकल्पिक साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ईंधन संकट से जूझ रही है, ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह ईंधन की बचत हेतु जागरूकता दिखाए और जहां संभव हो, वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करे।

जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि ई-रिक्शा जैसे साधन न केवल पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में सहायक हैं, बल्कि यह आम लोगों के लिए किफायती और सुविधाजनक भी हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटी दूरी के लिए निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक और वैकल्पिक साधनों को प्राथमिकता दें, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सके।

उनकी इस पहल को शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने काफी सराहा है। लोगों ने इसे समय की जरूरत बताते हुए एक अनुकरणीय कदम कहा है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकार की पहल से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और आम लोग भी प्रेरित होते हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment