महासमुंद।18 मई 2026 तेन्दूकोना थाना पुलिस ने सौर ऊर्जा (सोलर) प्लांट में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले बर्तन व्यवसायी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महेश कुमार तारम (33 वर्ष) निवासी तेन्दूकोना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 नवंबर 2025 की रात 11 बजे से 14 नवंबर 2025 की शाम 5 बजे के बीच ग्राम साल्हेभांठा स्थित विपुल विद्युत प्राइवेट लिमिटेड के सोलर प्लांट में अज्ञात चोरों ने बाउंड्री फेंसिंग तार काटकर प्रवेश किया और वहां से कॉपर केबल वायर चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना तेन्दूकोना में धारा 331(4) एवं 305(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 17 मई 2026 को पुलिस ने संदेह के आधार पर बगारपाली निवासी टिकेश्वर भास्कर (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर को उसने ग्राम शिकारीपाली स्थित एक बर्तन दुकान में बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शिकारीपाली निवासी दिनेश कंसारी (42 वर्ष), संचालक राज बर्तन फर्निचर, के कब्जे से चोरी का कॉपर वायर बरामद किया। चोरी का माल खरीदने के मामले में दिनेश कंसारी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
टिकेश्वर भास्कर, पिता जागेश्वर भास्कर, उम्र 26 वर्ष, निवासी बगारपाली, थाना तेन्दूकोना, जिला महासमुंद।
बरामद संपत्ति
16 किलोग्राम कॉपर वायर अनुमानित कीमत – 16,000 रुपये।