चुनाव के बाद जनता पर डाली जा रही परेशानी” — कांग्रेस नेताओं का आरोप
छुरा/ गरियाबंद :- राज्य में लगातार गहराते पेट्रोल और डीजल संकट को लेकर अब राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने छुरा स्थित पेट्रोल पंप के पास धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल की कमी को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi को निशाने पर लिया तथा आम जनता को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री की हालिया अपील के बाद प्रदेशभर में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता प्रभावित हुई है। कई पेट्रोल पंपों में ईंधन की कमी देखी जा रही है, जिसके कारण आम लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर पेट्रोल पंपों में पेट्रोल समाप्त होने की सूचना भी सामने आ रही है।
इसी बीच जिला प्रशासन गरियाबंद द्वारा जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को जारी निर्देश में दोपहिया वाहनों को अधिकतम 300 रुपये तथा चारपहिया वाहनों को 1000 रुपये तक ही पेट्रोल-डीजल देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया है। प्रशासन के इस निर्णय के बाद लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। किसानों, व्यापारियों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष माहेश्वरी शाह ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में चुनाव संपन्न हुए, जहां चुनाव प्रचार में भारी मात्रा में ईंधन की खपत हुई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के पहले ऐसी स्थिति क्यों नहीं बनी और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल की कमी क्यों सामने आने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और आम लोगों को परेशानियों के बीच छोड़ दिया गया है।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईंधन संकट का सीधा असर किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। रबी फसल कटाई का समय होने के कारण खेतों में हार्वेस्टर और कृषि यंत्रों का उपयोग बढ़ गया है, जिनमें बड़ी मात्रा में डीजल की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में डीजल की सीमित आपूर्ति किसानों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है।
एक किसान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेतों में कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। हार्वेस्टर मशीनों में प्रतिदिन काफी अधिक डीजल की खपत होती है। ऐसी परिस्थिति में केवल 1000 रुपये तक डीजल मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द स्थिति सामान्य करने और पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराने की मांग की।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए तथा पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर प्रशासन और केंद्र सरकार से तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष माहेश्वरी शाह, अब्दुल समद खान, राजकुमारी सोनी, भानुप्रताप भारद्वाज, डॉ. योगेंद्र चंद्राकर, थानुराम तारक, नयाज अहमद, हरीश यादव, सलीम मेमन, देवसिंह नेताम, पंचराम टंडन, विकास दुबे, श्वेता चंद्राकर, शांतनु देवांगन, अंसुल तिवारी, शैलेन्द्र दीक्षित, मोनू दीक्षित, सोनू दीक्षित, संदीप सोनी एवं वीरेंद्र निर्मलकर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।