कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के आवेदनों और शिकायतों के निराकरण में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुशासन तिहार के लंबित मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कुणाल दुदावत ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (TL) समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता की शिकायतों और आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से ‘सुशासन तिहार’ अभियान के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कई विभागों में अब तक लंबित आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण नहीं हो पाया है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
कलेक्टर दुदावत ने निर्देश दिए कि ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत प्राप्त प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और गुणवत्तापूर्ण तथा त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित आवेदक को कार्रवाई की जानकारी सीधे उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने साफ कहा कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित प्रकरणों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।