महासमुंद। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 226.600 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश मिले हैं। इसी क्रम में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक MH16 CD 8741 उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की तरफ आ रहा है।
सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित सिल्की ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में पुलिस टीम ने नाकेबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन पहुंचा, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अजिनाथ आश्रु जाधव (28 वर्ष) निवासी खेडेगांव बाकी, थाना खरडा, जिला अहमदनगर (महाराष्ट्र) बताया। वहीं दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम अक्षय बारूक मोरे (32 वर्ष) निवासी पाटेगांव, थाना मेरचगांव, जिला अहमदनगर (महाराष्ट्र) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर डाले में रखी खाली कैरेटों के पीछे प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 226.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा उड़ीसा के बालीगुडा क्षेत्र से लाकर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में खपाने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
226.600 किलो गांजा कीमत 1,14,30,000 रुपये
एक पिकअप वाहन कीमत 8,00,000 रुपये
03 मोबाइल फोन कीमत 45,000 रुपये
जब्त किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(दो)(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में 83 मामलों में कुल 6016.121 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है तथा 216 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जिनमें 54 आरोपी छत्तीसगढ़ और 162 अन्य राज्यों के निवासी हैं।