अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

May 3, 2026

अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

कसडोल | अश्लील वीडियो के जरिए डरा-धमकार अवैध वसूली (Blackmailing) करने वाले एक शातिर अपराधी को बलौदा बाजार पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़ित से हजारों रुपये की मांग कर रहा था और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

​घटना की शुरुआत 8 अप्रैल 2024 को हुई, जब प्रार्थी ने चौकी सोनाखान में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के मुताबिक, एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसके पास उसका एक अश्लील वीडियो भेजा गया। आरोपी ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए पहले ₹2,000 की मांग की और अपना क्यूआर कोड भेजा। डर के मारे प्रार्थी ने ₹1,000 ट्रांसफर कर दिए, लेकिन आरोपी की लालच बढ़ गई और अगले ही दिन उसने ₹15,000 की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी।

​शिकायत के बाद सोनाखान पुलिस ने धारा 384 (भादवि) और 67ए (आईटी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने:

  • ​अज्ञात मोबाइल नंबर का विवरण निकाला।
  • ​जिस बैंक खाते और क्यूआर कोड में पैसे भेजे गए थे, उसका तकनीकी विश्लेषण किया।
  • ​जांच में आरोपी की लोकेशन कोल्हापुर, महाराष्ट्र में पाई गई।

​आरोपी ओमप्रकाश सहिस काफी शातिर था। सोनाखान पुलिस की टीम ने इससे पहले भी महाराष्ट्र में आरोपी की घेराबंदी की थी, लेकिन वह दो बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। इस बार पुलिस टीम ने बेहद सटीक योजना बनाई और कोल्हापुर में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।

​गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश सहिस (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कि ग्राम कुरियारी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस द्वारा आज दिनांक 02.05.2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment