गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन, 

BHUPENDRA SINHA

April 27, 2026

छुरा/ गरियाबंद :- गोवंश संरक्षण, संवर्धन एवं सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को छुरा क्षेत्र में अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं, गौसेवकों एवं नागरिकों द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों को प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोवंश का विशेष महत्व रहा है। प्राचीन काल से गाय को आस्था, सेवा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। वर्तमान समय में गोवंश की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। सड़कों पर बड़ी संख्या में आवारा मवेशी घूम रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं तस्करी, अवैध परिवहन, चारे की कमी और उचित देखभाल के अभाव में गोवंश संकट का सामना कर रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि केंद्र एवं राज्य सरकार गोवंश संरक्षण के लिए कठोर एवं प्रभावी कानून बनाए। गो तस्करी, अवैध वध तथा गोवंश के अवैध परिवहन पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इसके साथ ही प्रत्येक जिले एवं नगर क्षेत्रों में व्यवस्थित गौशालाओं की स्थापना कर उनके संचालन के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि गोवंश केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का मजबूत आधार भी है। गोबर और गौमूत्र से जैविक खाद, कीटनाशक तथा अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं, जिससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की लागत कम होगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि गो आधारित उद्योगों, जैविक उत्पादों और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन दिया जाए तो ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

अभियान के कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन से मांग की कि गोवंश संरक्षण को केवल भावनात्मक विषय न मानते हुए इसे सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण से पर्यावरण संतुलन, भूमि की उर्वरता तथा ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार संभव है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान वेदराम नंदे विश्व हिन्दू परिषद जिला संगठन मंत्री, हेमंत साहू, शीतल ध्रुव समाजसेवी, मेष नंदन पाण्डेय,बेदराम निर्मलकर, थानसिंग निषाद,भवानीशंकर सेन,पोषण सिन्हा विश्व हिन्दू परिषद उपाध्यक्ष , डाकेश्वर, सोनू यादव, अनुज नायक संयोजक मनोज पटेल, मंथीर ध्रुव, दिशांक चंद्राकर, नंदकिशोर यादव, श्रीमती संध्या यदु एवं अभियान से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गौसेवक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में गोवंश संरक्षण हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment