पुलिस परिवार के बच्चों ने हवाई दुनिया को करीब से जाना, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट का शैक्षणिक भ्रमण

SARJU PRASAD SAHU

April 25, 2026

रायपुर। जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के 28 बच्चों को आज स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। आधुनिक परिवहन की व्यवहारिक जानकारी देने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित यह भ्रमण ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ रोमांच से भरपूर रहा।

स्कूली गणवेश और आईडी कार्ड पहने बच्चे जैसे ही एयरपोर्ट पहुंचे, उनकी आंखों में उड़ान भरते विमानों को करीब से देखने का उत्साह साफ झलक रहा था। भ्रमण के दौरान बच्चों ने एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली, सुरक्षा जांच प्रक्रिया और विमानन सेवाओं को नजदीक से देखा व समझा। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो के क्षेत्रीय निदेशक से समन्वय एवं अनुमति के बाद यह कार्यक्रम 25 अप्रैल 2026 को आयोजित किया गया।

बच्चों को इस दौरान एयरफोर्स के कार्य और उसके महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे उनके ज्ञान में वृद्धि हुई और नई जिज्ञासाएं जागृत हुईं। पुलिस परिवार के ये बच्चे, जो अक्सर अपने अभिभावकों की व्यस्त ड्यूटी के चलते ऐसे अनुभवों से दूर रह जाते हैं, इस अवसर को पाकर बेहद उत्साहित नजर आए।

विभाग द्वारा बच्चों के लिए सुरक्षित वाहन और सुव्यवस्थित आवागमन की व्यवस्था की गई थी। यह भ्रमण केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को आधुनिक परिवहन तंत्र और विमानन क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।

इस तरह के शैक्षणिक आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें कुछ नया सीखने की ललक विकसित होती है। जिज्ञासा और कौतूहल से भरा यह अनुभव बच्चों के मानसिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment