महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मानव तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता को बंधक बनाकर कराया जा रहा था काम

SARJU PRASAD SAHU

April 18, 2026

बसना/महासमुंद।18 अप्रैल 2026 जिले में मानव तस्करी के एक गंभीर मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक युवती को अधिक पैसे का लालच देकर उत्तर प्रदेश ले जाकर ईंट भट्ठे में बंधक बनाकर काम कराया और प्रताड़ित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कामिनी नाग (20 वर्ष), निवासी बस्ती बागबाहरा थाना बागबाहरा ने 16 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि ग्राम देवरी के भट्ठा संचालक शांताराम साहू और तोरण प्रजापति ने उसे 35,000 रुपये एडवांस देने और अधिक कमाई का झांसा देकर उत्तर प्रदेश ले गए।

पीड़िता के अनुसार, दिनांक 10 अक्टूबर 2025 से 11 अप्रैल 2026 के बीच उसे ईंट भट्ठे में बंधक बनाकर दिन-रात काम कराया गया और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बागबाहरा पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों शांताराम साहू (56 वर्ष) और तोरण प्रजापति (49 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम देवरी थाना कोमाखान, को 17 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 81/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(1)(d) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस की अपील:

महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाहरी राज्यों में काम दिलाने के नाम पर किए जाने वाले लुभावने वादों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment