छेरकापुर। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देता एक युवक गांव में खुलेआम दहशत फैला रहा है। हाथ में तलवार और सब्बल लेकर गली-गली घूमते युवक का वीडियो सामने आया है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने गांव के एक युवक के साथ मारपीट की और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद महिलाएं और बच्चे खासे डरे हुए हैं।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार रात पलारी थाना पहुंचे थे। सरपंच पंकज साहू के नेतृत्व में सुकबती साहू, सोहद्रा साहू, आशा साहू, रेणुका यादव, दुकलहीन साहू, कोमल साहू, दीपक, देवानंद, ओमप्रकाश फेकर, मंतराम साहू सहित करीब 25-30 लोगों ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम को मौके पर भेजा है और आरोपी को थाने पकड़ कर लाया गया है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।