पत्नी की हत्या से सनसनी तानों से नाराज पति ने गमछे से गला घोंटकर ली जान

SARJU PRASAD SAHU

April 3, 2026

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खजरी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे गांव सहित आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसा आरोपी पति राजेश साहू और उसकी पत्नी कुंती साहू के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि कुंती साहू अक्सर अपने पति को शराब पीने और कामकाज नहीं करने को लेकर ताना मारती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

घटना के दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर आरोपी राजेश साहू ने पत्नी कुंती का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी विजय ठाकुर के नेतृत्व में की जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मामले की बारीकी से जांच की जा सके।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू कलह और नशे की समस्या के गंभीर परिणामों को उजागर किया है। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment