कोलाहल अधिनियम के तहत हटौद बाजार चौक में कार्रवाई, नियम उल्लंघन पर सख्ती जारी
कसडोल, 21 मार्च 2026। निर्धारित समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कसडोल पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक साउंड सिस्टम संचालक पर कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना कसडोल पुलिस ने 20 मार्च की रात ग्राम हटौद के बाजार चौक में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। यहां एक मालवाहक वाहन में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके पर वाहन क्रमांक CG13 L0644 सहित संपूर्ण डीजे साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। संचालक दिनेश राव (25 वर्ष), निवासी ग्राम दर्रा के विरुद्ध धारा 15(1) कोलाहल अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं 146/196, 190-2 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार तय समय और ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और नियमों का पालन करें।