“हरदी महामाया में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और नगदी समेत 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में”

BIRENDRA KUMAR SEN

March 11, 2026

“हरदी महामाया में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर और नगदी समेत 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में”

बलौदा पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे के भीतर 03 शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद

जांजगीर-चांपा। जिले के थाना बलौदा क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग तीन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3,70,000 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी बरामद की है।

पिछले कुछ दिनों में ग्राम हरदी महामाया में चोरी की तीन बड़ी शिकायतें दर्ज की गई थीं:

  1. दाऊ राम साहू (82 वर्ष): प्रार्थी के सूने मकान से चांदी की करधन, पायल, अंगूठी, सोने की फुली और 20,000 नगद (कुल 60,000 रुपये) की चोरी हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि प्रार्थी ने ये जेवर वर्ष 1969 में खरीदे थे।

  2. आनंद मोहन पाण्डेय: इनके पुश्तैनी मकान से पुरानी इस्तेमाली सोने-चांदी के जेवर और 5,000 नगद, कुल करीब 3 लाख रुपये के माल पर चोरों ने हाथ साफ किया था।

  3. हरिओम साहू: इनके घर से पीतल और कांसा के करीब 14 किलो वजनी बर्तन (कीमत 10,000 रुपये) चोरी हुए थे।

चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में बलौदा पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

कड़ाई और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर निम्नलिखित आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया:

  • गणेश केवट उर्फ बुट्टी (24 वर्ष), निवासी औराभोई पारा, हरदी महामाया।

  • रोशन बरेठ (18 वर्ष), निवासी हरदी महामाया।

  • दिनेश बरेठ (20 वर्ष), निवासी हरदी महामाया।

बरामदगी: आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी सहित कुल 3.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आज दिनांक 11/03/2026 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

Share this content:

Leave a Comment