मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात पर युवक पर चाकू से हमला, फरार दो आरोपी गिरफ्तार करमदा गांव की घटना, अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

TEKRAM KOSLE

March 7, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 7 मार्च 2026। होली के दौरान ग्राम करमदा में मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला करने वाले दो फरार आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च 2026 को घायल कुशल ध्रुव अपने दोस्तों के साथ होली मनाकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार चौक के पास आरोपी विकास ध्रुव, राहुल, टिकेश्वर और अन्य साथी लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल चलाते हुए वहां पहुंचे।
बताया गया कि कुशल ध्रुव द्वारा आरोपियों को मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात कही गई। इस बात पर आरोपियों ने नाराज होकर उसे जान से मारने की धमकी दी और अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ गंभीर मारपीट कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से कुशल ध्रुव पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 296, 118(1), 351(2) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को दिए थे। निर्देश के पालन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कुशल ध्रुव के साथ मारपीट करने और चाकू से हमला कर घायल करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं –
राहुल उर्फ रामदास मानिकपुरी (18 वर्ष), निवासी ग्राम करमदा
टिकेश्वर लसेल (19 वर्ष), निवासी ग्राम करमदा
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment