निःशुल्क भोजनालय के समापन पर गिरौदपुरी जाने वाले श्रद्धालुओं को बांटी प्रसादी, भाईचारे और शिक्षा पर दिया जोर

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

February 23, 2026


पलारी – भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष चरण दास तेहरवंश ने पलारी नगर पंचायत रोहांसी एवं कैलाशगढ़ क्षेत्र में सतनामी समाज द्वारा संचालित निःशुल्क भोजनालय के अंतिम दिन पहुंचकर सेवा कार्यों में सहभागिता निभाई। इस दौरान उन्होंने गुरु घासी दास की पावन जन्मभूमि गिरौदपुरी धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसादी वितरण किया तथा उनके सुख-दुख की जानकारी ली। उन्होंने बाबा जी से सभी दर्शनार्थियों की यात्रा मंगलमय होने की प्रार्थना की।

सभा को संबोधित करते हुए तेहरवंश ने कहा कि गुरु पर्व के अवसर पर सतनामी समाज द्वारा तीन दिनों तक निःशुल्क भोजन की व्यवस्था करना अत्यंत सराहनीय और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी धाम सहित भंडारपुरी और तेलासीपुरी धाम में गुरु घासी दास बाबा जी के दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से सर्व समाज के लोग पहुंचते हैं और भोजनालय में निःशुल्क भोजन ग्रहण कर आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।

उन्होंने समाज को शिक्षित होने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास की कुंजी है। समाज शिक्षित होगा तभी संपूर्ण विकास संभव है। साथ ही उन्होंने नशा-पान से दूर रहने और बाबा गुरु घासी दास जी के बताए मार्ग पर चलने की अपील की। धर्म परिवर्तन के विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जब आज बाबा जी को विश्वभर में सम्मान मिल रहा है, तब समाज को अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने गांव-गांव में संगठन मजबूत कर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

तेहरवंश ने कहा कि बाबा गुरु घासी दास जी केवल सतनामी समाज के नहीं, बल्कि सर्व समाज के संत हैं। गिरौदपुरी मेला में हर वर्ग और समाज के लोग पहुंचकर उनके चरणों में मस्तक टेकते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

कार्यक्रम में बेदराम चेलक, मोहरसिंह चतुर्वेदी, जगमोहन राते, दिलीप गेंद्रेय, योगेश गेंद्रेय, उबारन कुर्रे, ईश्वर बघेल, होरीलाल भारद्वाज, गोपी बंजारे, नोहर मार्कण्डेय, गेंद कुमार चतुर्वेदी, ब्रिज दास सोनवानी, सोमन मार्कण्डेय सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सेवा, सद्भाव और एकता के संदेश के साथ हुआ।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment