केंदवाही बार की प्राथमिक शाला में गूंजा योग का संदेश, योग शिक्षक जुगेन्द्र साहू ने दिया स्वस्थ तन–मन का मंत्र

SARJU PRASAD SAHU

February 22, 2026

बरमकेला। विकासखंड बरमकेला अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला केंदवाही बार में आज का दिन विद्यार्थियों के लिए विशेष और प्रेरणादायक रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित योग सत्र के दौरान योग शिक्षक जुगेन्द्र साहू के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझा।

योग शिक्षक जुगेन्द्र साहू ने बच्चों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित सरल प्राणायाम तकनीकों का अभ्यास कराते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन एकाग्र और आत्मविश्वास सुदृढ़ होता है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक अवस्था में योग की आदत विकसित होने से बच्चों में अनुशासन, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन का विकास होता है।

उन्होंने बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार अपनाने, जंक फूड से दूरी बनाने तथा प्रतिदिन कम से कम 15 से 20 मिनट योग करने की सलाह दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा—

“बच्चों के जीवन में योग की शुरुआत जितनी जल्दी हो, उतना बेहतर है। योग न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक विकास और अनुशासन भी सिखाता है। नियमित अभ्यास से बच्चे पढ़ाई और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।”

कार्यक्रम में प्रधान पाठक सुरेन्द्र मिश्रा, शिक्षक मनमोहन सिंह पटेल, किरण सिदार एवं प्रमोद चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

योग सत्र के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ योगासन किए, जिससे विद्यालय परिसर सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो गया। विद्यालय परिवार ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।

स्वस्थ शरीर और मजबूत मन के निर्माण की दिशा में यह आयोजन निश्चित रूप से प्रेरणादायक और अनुकरणीय साबित हुआ।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment