बलौदाबाजार, 20 फरवरी 2026। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को फर्म अविनाश इंडस्ट्रीज, खोखली (भाटापारा) का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 एवं संबंधित विनियमों का पालन नहीं पाए जाने पर फर्म का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी ने बताया कि ऑनलाइन वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उक्त फर्म की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फूड हैंडलर बिना मास्क, हेड कवर एवं ग्लव्स के अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पोहा का निर्माण कर रहे थे। साथ ही फर्म में वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे तथा कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) के समुचित उपाय भी नहीं पाए गए।
खाद्य विभाग की टीम ने नायलॉन पोहा का विधिक नमूना लेकर जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया है। फर्म को सुधारात्मक नोटिस जारी करते हुए खाद्य लाइसेंस (अनुज्ञप्ति) तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लाइसेंस बहाली के बाद ही फर्म का संचालन किया जा सकेगा।