परीक्षा के 3 घंटे जीवन का भविष्य तय नहीं करते परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में कलेक्टर ने बढ़ाया विद्यार्थियों का मनोबल
बिलासपुर। 11 फरवरी 2026 जिला प्रशासन, यूनिसेफ एवं छत्तीसगढ़ अग्रिकॉन समिति के संयुक्त तत्वावधान में हम होंगे कामयाब कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “परीक्षा पर चर्चा” में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। जिले में इस वर्ष कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में लगभग 37 हजार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।
कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि 20 एवं 21 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं, जो विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह वर्षभर की मेहनत के आकलन का समय है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने नियमित अध्ययन किया है, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी को तैयारी में कमी महसूस हो तो घबराने के बजाय धैर्य और संयम के साथ पढ़ाई करें। जिन विषयों में पकड़ मजबूत है, उन्हें प्राथमिकता दें तथा नियमित रीविजन करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा को जीवन का अंतिम निर्णय न मानने की सलाह देते हुए कहा कि किसी एक परीक्षा से व्यक्ति की संपूर्ण काबिलियत तय नहीं होती। उन्होंने सचिन तेंदुलकर, थॉमस एडिसन, धीरूभाई अंबानी, स्टीव जॉब्स और कपिल शर्मा जैसे व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए कहा कि आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के तीन घंटे जीवन का संपूर्ण भविष्य निर्धारित नहीं करते। यह समय धैर्य, अनुशासन और संयम बनाए रखने का है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम 40 मिनट शारीरिक व्यायाम करने, सकारात्मक मित्र समूह बनाने तथा समूह चर्चा के माध्यम से अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चर्चा के माध्यम से पढ़ी गई सामग्री अधिक समय तक स्मरण रहती है और कठिन विषयों का नियमित अभ्यास आत्मविश्वास बढ़ाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को देश का जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ते समय माता-पिता के सपनों और अपेक्षाओं को सदैव स्मरण रखें। यदि किसी परीक्षा का परिणाम अपेक्षित न आए तो निराश होने के बजाय अगली परीक्षा के लिए और बेहतर तैयारी करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गैजेट्स से दूरी बनाए रखने, समय प्रबंधन एवं मानसिक एकाग्रता जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका कलेक्टर ने सरल एवं व्यावहारिक सुझावों के साथ समाधान दिया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री शिव कुमार बनर्जी तथा समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक श्री ओम पांडे उपस्थित रहे।