
रायगढ़। 2 फरवरी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत रायगढ़ जिले में अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में केलो बिहार कॉलोनी में संचालित देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया, जिनके मार्गदर्शन में थाना चक्रधरनगर एवं साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम गठित कर सटीक रेड की योजना बनाई गई।
पाइंटर भेजकर की गई पुष्टि, फिर दबिश
पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर मकान भेजा। पाइंटर से संकेत मिलते ही टीम ने मकान की घेराबंदी कर अचानक छापा मारा। मौके पर मकान के अंदर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर, आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार तथा एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड पाए गए। तलाशी के दौरान देह व्यापार में प्रयुक्त कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
पूछताछ में खुला नेटवर्क
पूछताछ में नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि डिंपी इजारदार उक्त मकान का किरायेदार है, जो महिलाओं को लाकर उनसे वेश्यावृत्ति करवाता है और वह इसी सिलसिले में वहां आया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक देह व्यापार का संचालन एवं प्रबंधन स्वयं करता था तथा दलाली की भूमिका निभा रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा दी गई रकम तथा आपत्तिजनक सामग्री को गवाहों के समक्ष जप्त किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. डिंपी उर्फ राहुल इजारदार, पिता जीवनलाल इजारदार, उम्र 40 वर्ष, निवासी संतोष सोनी का मकान, केलो बिहार, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़।
2. नागेंद्र विश्वकर्मा, पिता विनोद विश्वकर्मा, उम्र 35 वर्ष, निवासी गणेश चौक, थाना कोतरारोड, रायगढ़।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 3, 4, 5 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
श्री शशि मोहन सिंह ने कहा—
“जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”
कार्रवाई में रही इनकी भूमिका
इस सफल कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (साइबर) श्री अनिल विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, एएसआई नंद कुमार, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू, आरक्षक राजेश सिदार, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, रेनू मंडवी सिंह, प्रशांत पंडा, रविंद्र गुप्ता, विक्रम सिंह, सुरेश सिदार तथा महिला आरक्षक मेनका चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।