राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत भाटापारा में क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन, पुलिस टीम बनी विजेता

SARJU PRASAD SAHU

January 26, 2026

 

 

 

 

 

बलौदाबाजार भाटापारा | 26 जनवरी 2026 राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा ग्राम खपराडीह क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आज भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता यातायात जागरूकता, साइबर अपराध से सतर्कता एवं नशा मुक्ति अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।

 

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में 25 एवं 26 जनवरी को आयोजित इस प्रतियोगिता में पुलिस, प्रशासन, शिक्षक संघ, पत्रकार संघ, अधिवक्ता संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं आम नागरिकों सहित कुल 10 टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

 

फाइनल मुकाबले में पुलिस टीम का दबदबा

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पुलिस टीम बलौदाबाजार एवं शिक्षक संघ बलौदाबाजार आमने-सामने रहीं। शिक्षक संघ ने टॉस जीतकर पुलिस टीम को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 156 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए शिक्षक संघ की टीम रन गति बढ़ाने के प्रयास में 94 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार पुलिस टीम ने 62 रनों से फाइनल मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि शिक्षक संघ की टीम उपविजेता रही।

पुरस्कार वितरण एवं व्यक्तिगत सम्मान

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष भाटापारा श्री अश्वनी शर्मा ने विजेता पुलिस टीम को ₹15,000 नगद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता शिक्षक संघ टीम को ₹8,000 नगद एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

इसके अतिरिक्त—

मैन ऑफ द सीरीज: कमलेश मरावी (पुलिस टीम) बेस्ट बैट्समैन: अनिल यादव (शिक्षक संघ बलौदाबाजार) बेस्ट बॉलर: श्याम पटेल (प्रशासन-11) मैन ऑफ द मैच (फाइनल): प्रीतम पाटले (पुलिस टीम)

जागरूकता का सशक्त संदेश

समापन अवसर पर अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने आमजन से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा नशा मुक्ति की दिशा में जागरूक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि जीवन रक्षा से जुड़ा हुआ दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम खपराडीह के निवासियों एवं ग्राम सरपंच को यातायात जागरूकता के तहत हेलमेट भी वितरित किए गए।

आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा योगदान

इस आयोजन को सफल एवं प्रभावशाली बनाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, एसडीओपी भाटापारा  तारेश साहू, थाना प्रभारी भाटापारा ग्रामीण निरीक्षक अमित पाटले, यातायात निरीक्षक नरेश कांगे, स्टेनो मनीष चौबे, प्रधान आरक्षक प्रेम निषाद सहित ग्राम खपराडीह के नागरिकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल के माध्यम से पुलिस द्वारा दिया गया यह सामाजिक संदेश उपस्थित जनसमूह में जागरूकता और सकारात्मक सोच को मजबूती देने वाला सिद्ध।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment