बसना। बसना विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बिलखंड में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पांच-दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में खेल को लेकर विशेष जोश और उमंग देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि त्रिलोचन नायक रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में ग्राम पंचायत दलदली के सरपंच भानु पटेल, शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक विजय कुमार धृतलहरे, सहायक शिक्षक शांभुसिंह पारेश्वर, उपसरपंच फगुलाल बरिहा, ग्राम प्रमुख नंदकुमार बरिहा, गौंटिया महत्मा सिदार, विजय भोई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि त्रिलोचन नायक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी सुदृढ़ करता है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
पांच दिनों तक चली इस रोमांचक प्रतियोगिता में कई रोचक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में धानापाली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार पर कब्जा जमाया, जबकि कड़े संघर्ष के बाद थरगांव की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में ‘मैन ऑफ द मैच’ पुरस्कार विजय कुमार धृतलहरे द्वारा प्रदान किया गया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों, खेल प्रेमियों एवं आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा।
इस प्रतियोगिता से ग्राम बिलखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा भविष्य में ऐसे और खेल आयोजनों की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।