
लवन | थाना लवन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरीडीह के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद फरार हुआ घरेलू गैस से लदा ट्रक कसडोल में पकड़ लिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक और ट्रक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही थाना लवन पुलिस हरकत में आई और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी साझा की गई। ट्रक में घरेलू गैस सिलेंडर लदे होने की पुष्टि हुई है।
वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। मृतक और घायल की पहचान की कोशिश जारी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।