बलौदाबाजार ।15 जनवरी 2026 जिले में अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने प्रशासन द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को गठित संयुक्त जांच टीम ने अलग–अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 267 बोरी अवैध धान जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खम्हरिया में 27 कट्टा अवैध धान का परिवहन करते हुए पाया गया। धान को मौके पर जब्त कर ग्राम कोटवार मोहनदास के निवास पर सुरक्षित रखवाते हुए उसे सुपुर्द किया गया।
इसी प्रकार ग्राम जारा के पास एक माजदा वाहन में अवैध रूप से खोरसी (जिला रायपुर) से मुसुवाडीह की ओर 160 बोरी धान ले जाया जा रहा था। वाहन चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जब्ती कार्रवाई करते हुए धान को धान खरीदी केंद्र में सुपुर्द किया गया।
वहीं महाराजी वन जांच चौकी के पास राजकुमार नामक व्यक्ति को 80 बोरी धान का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। संयुक्त टीम ने मौके पर धान सहित वाहन जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु गिरौधपुरी थाना को सुपुर्द किया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।