बलौदाबाजार, 13 जनवरी 2026।
कलेक्टर दीपक सोनी के सख्त निर्देशों के तहत जिले में अवैध धान परिवहन एवं बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बलौदाबाजार जिले के ग्राम बिलारी (सोनाखान) में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धान से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त किया।
जांच के दौरान पिकअप वाहन में लगभग 75 कट्टा धान पाया गया, जिसे बिलाईगढ़ जिले के ग्राम रमतला से अवैध रूप से विक्रय के उद्देश्य से लाया जा रहा था। मौके पर टीम द्वारा वैध दस्तावेजों की मांग किए जाने पर चालक कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके पश्चात धान एवं वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया।
जब्त किए गए धान एवं पिकअप वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस थाना सलीहा (बिलाईगढ़) के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से अवैध धान कारोबार में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक किसानों तक ही पहुंचे, यह सुनिश्चित करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों एवं संदिग्ध मार्गों पर निगरानी और अधिक कड़ी कर दी गई है। अन्य जिलों से धान लाकर खपाने अथवा अवैध रूप से धान बेचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।