बलौदाबाजार।13 जनवरी 2026 जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को लेकर पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध यातायात शाखा द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में यातायात पुलिस बलौदाबाजार द्वारा ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाते हुए कुल 9 वाहन चालकों को पकड़ा गया। पुलिस ने सभी प्रकरणों में मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को विधिवत जप्त किया और चालकों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
दिनांक 13 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय द्वारा 8 प्रकरणों में वाहन चालकों को पृथक-पृथक ₹10,000 का अर्थदंड तथा 1 प्रकरण में ₹15,000 का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार कुल 9 वाहन चालकों से ₹95,000 का अर्थदंड वसूल किया गया।
यातायात पुलिस बलौदाबाजार ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं की तथा दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से पूर्णतः परहेज करें।