गरियाबंद के सुलभ शौचालय में गंदगी का अंबार, अंदर की हालत बदहाल,

MOTI LAL

January 9, 2026

 

 

 

 

 

गरियाबंद :- गरियाबंद शहर स्थित सुलभ शौचालय की स्थिति इन दिनों चिंताजनक बनी हुई है। बाहर से देखने पर यह शौचालय भले ही साफ-सुथरा और आकर्षक नजर आता हो, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही हकीकत कुछ और ही बयां करती है। शौचालय के भीतर भारी गंदगी फैली हुई है, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार शौचालय के बाथरूम का ड्रेन पाइप कई जगहों से टूटकर पड़ा हुआ है। इसके अलावा बीते कई दिनों से पानी की सप्लाई भी पूरी तरह बंद है। पानी नहीं होने के कारण साफ-सफाई व्यवस्था ठप पड़ी हुई है, जिससे बदबू और अस्वच्छता लगातार बढ़ती जा रही है।

 

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक शौचालय की इस दुर्दशा से महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कतें हो रही हैं। मजबूरी में लोगों को अन्य विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, सुलभ शौचालय में पदस्थ सफाई कर्मी की तबीयत खराब हो जाने के कारण वह कुछ समय से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं है। सफाई कर्मी की गैरमौजूदगी और वैकल्पिक व्यवस्था न होने के चलते शौचालय की यह स्थिति बनी हुई है।

आम नागरिकों ने नगर प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई की व्यवस्था बहाल की जाए, टूटे ड्रेन पाइप की मरम्मत कर पानी की आपूर्ति शुरू की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment