आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, ₹25,600 की अवैध शराब व महुआ लाहन जब्त

TEJASWI NATH SONI

January 7, 2026

.कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को आबकारी टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल ₹25,600 मूल्य की अवैध शराब एवं महुआ लाहन जब्त की है।

कसडोल वृत्त में कार्रवाई

कसडोल वृत्त अंतर्गत ग्राम चिखली (चौकी सोनाखान) में आबकारी विभाग की टीम ने आरोपी राजेन्द्र कुमार पिता प्रेमलाल (उम्र 37 वर्ष) निवासी ग्राम चिखली के कब्जे से 25 बल्क लीटर हाथभट्ठी कच्ची महुआ शराब जब्त की। जब्त शराब का बाजार मूल्य ₹5,000 आंका गया है।

इसके साथ ही मौके से 300 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹18,000 है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पलारी वृत्त में दूसरी कार्रवाई

इसी तरह पलारी वृत्त अंतर्गत ग्राम सरकीपार (थाना पलारी) में आबकारी टीम ने आरोपी सरजू बंजारे पिता गज्जू बंजारे (उम्र 38 वर्ष) के कब्जे से 10.08 लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त की। जब्त मदिरा का बाजार मूल्य ₹5,600 बताया गया है। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राय, नगर सैनिक राजकुमारी पैकरा एवं दुर्गेश्वरी कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment