गिरौदपुरी, 7 जनवरी 2026/ दिनांक 5 जनवरी की शाम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटगी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के छात्र-छात्राएं ग्राम गिरौदपुरी पहुंचे, जहां सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन ग्राम पंचायत गिरौदपुरी के सरपंच श्री राजाराम पटेल द्वारा किया गया।
इस शिविर में विद्यालय के 52 एनएसएस स्वयंसेवक सहभागिता कर रहे हैं, जो आगामी सात दिनों तक गांव में रहकर स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यों का संचालन करेंगे। शिविर के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक चेतना एवं नागरिक जिम्मेदारियों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
एनएसएस के इन सभी गतिविधियों का संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्री नारायण दास वैष्णव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के महत्व से अवगत कराते हुए अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
उद्घाटन कार्यक्रम में सरपंच श्री राजाराम पटेल, पंच प्रतिनिधि श्री असाडू राम पटेल एवं श्री योगेन्द्र पटेल सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह सात दिवसीय शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ ग्राम विकास और सामाजिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।