बलौदाबाजार/ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जिले की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में छत्तीसगढ़ रजत जयंती चावल उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को शासकीय उचित मूल्य दुकान लटेरा में चावल उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित हितग्राहियों को जनवरी माह का चावल, शक्कर एवं नमक नियमानुसार वितरित किया गया। इसके साथ ही लाभार्थियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया भी मौके पर ही पूर्ण की गई, जिससे राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया जा सके।
चावल उत्सव में जिला पंचायत सदस्य रविदास बंजारे, सरपंच ललिता साहू, प्राथमिकता कार्डधारी, अंत्योदय कार्डधारी, निराश्रित कार्डधारी, सामान्य राशन कार्डधारी हितग्राही, निगरानी समिति के सदस्य एवं पंचगण उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद परिवारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है और सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह चावल उत्सव राज्य सरकार की खाद्य सुरक्षा और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे पात्र हितग्राहियों को सम्मानपूर्वक खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।