बलौदाबाजार, 3 जनवरी 2026/
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में मतदाता विवरणों की शुद्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जिले के 24,603 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से अब तक 7,524 मतदाताओं को नोटिस तामिल कराए जा चुके हैं।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ये नोटिस उन मतदाताओं को जारी किए गए हैं, जिनके नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में संशय, त्रुटि या दोहराव की संभावना पाई गई है। ऐसे मामलों में मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष प्रस्तुत करें, ताकि सत्यापन के पश्चात सही तथ्यों के आधार पर मतदाता सूची का संशोधन किया जा सके। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने तथा वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जिला प्रशासन एवं निर्वाचन कार्यालय द्वारा एसआईआर अभियान को गंभीरता से संचालित किया जा रहा है, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।