एसडीएम द्वारा उपार्जन एवं संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और कमियां शीघ्र दूर करने के निर्देश

TEJASWI NATH SONI

December 28, 2025

बलौदाबाजार, 28 दिसम्बर 2025/

जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार एसडीएम एवं तहसीलदारों द्वारा उपार्जन केंद्रों एवं धान संग्रहण केंद्रों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान किसानों की शिकायतों का मौके पर समाधान किया जा रहा है तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

इसी क्रम में एसडीएम सिमगा अतुल शेट्टे एवं तहसीलदार द्वारा समिति हथबंद तथा संग्रहण केंद्र उड़ेला व रिंगनी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्रों में साफ-सफाई का कार्य जारी है, विद्युत कनेक्शन उपलब्ध है, जबकि फेंसिंग की मरम्मत की आवश्यकता है, जिसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

वहीं एसडीएम भाटापारा श्यामा पटेल ने संग्रहण केंद्र देवरी का निरीक्षण किया। यहां पानी टंकी की मरम्मत, एंट्री गेट की सड़क का समतलीकरण, स्टैक व्यवस्था सुधारने एवं सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत की आवश्यकता पाई गई। संबंधित अधिकारियों को सभी कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।

इसी तरह एसडीएम कसडोल रामरतन दुबे ने मंडी एवं संग्रहण प्रभारी की उपस्थिति में संग्रहण केंद्र कसडोल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में केंद्र धान संग्रहण के लिए तैयार पाया गया तथा सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत का कार्य प्रगति पर बताया गया।

जिला प्रशासन द्वारा की जा रही इस सतत निगरानी से धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी हुई है। साथ ही बिचौलियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाते हुए वास्तविक किसानों को समय पर सुविधा एवं लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि खरीदी अवधि के दौरान प्रशासनिक टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहेंगी तथा किसी भी केंद्र में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment