रायगढ़ ।17 दिसंबर कापू थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा में मारपीट की एक दर्दनाक घटना ने बुजुर्ग महिला की जान ले ली। 82 वर्षीय सोनमति केरकेट्टा की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया। कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 दिसंबर 2025 को पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही सबीलाल केरकेट्टा ने सोनमति केरकेट्टा पर डंडे से हमला कर दिया था। मारपीट के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी था।
इलाज के दौरान 15 दिसंबर 2025 को दोपहर सोनमति केरकेट्टा की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर थाना पत्थलगांव से मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद कापू थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा मर्ग कायम कर गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण ‘होमिसाइडल’ (हत्या) लेख किए जाने पर पुलिस ने मामले को हत्या में दर्ज किया।
इसके बाद कापू पुलिस ने आरोपी सबीलाल केरकेट्टा पिता अमरसाय केरकेट्टा उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 228/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपी को उसके घर के सामने खेत की ओर छिपते हुए घूमते पाया, जहां घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम पर घटना के समय पहने कपड़े और वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा पुलिस ने जब्त किया है। कापू पुलिस ने 17 दिसंबर 2025 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
#MurderCase #ChhattisgarhPolice #RaigarhNews #BharatiyaNyayaSanhita #BhartiyaNagarikSurakshaSanhita #BharatiyaSakshyaAdhiniyam