थाना लैलूंगा में ग्राम कोटवारों की बैठक, समाजसेवियों और मेधावी छात्रों का किया गया सम्मान

SARJU PRASAD SAHU

December 15, 2025

रायगढ़ 14 दिसंबर 2025 थाना लैलूंगा में 13 दिसंबर को थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव की अध्यक्षता में ग्राम कोटवारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य ग्राम स्तर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने तथा नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाना रहा।

बैठक में थाना प्रभारी ने ग्राम कोटवारों को उनके कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कहा कि वे गांव और पुलिस के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में उनका सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में जिले भर में नशाबंदी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें ग्राम कोटवारों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

ग्राम कोटवारों से अपील की गई कि वे पुलिस के साथ समन्वय बनाकर ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें तथा गांव से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बैठक के दौरान समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी, मेधावी छात्राओं और ग्राम कोटवारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मानित होने वालों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा की नर्स प्रीति जांगड़े और महेश्वरी राठिया, सरस्वती शिशु मंदिर लैलूंगा के प्राचार्य सुनील महंत, मेधावी छात्राएं कशिश सिदार और दीक्षा मरावी, ग्राम तारागढ़ के ग्राम कोटवार राजू सिंह चौहान तथा भेलवाटोली की ग्राम कोटवार देवना बाई शामिल रहीं।

थाना प्रभारी गिरधारी साव ने सभी सम्मानितजनों को समाज और गांव के विकास में इसी प्रकार सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे सकारात्मक प्रयास ही मजबूत और सुरक्षित समाज की नींव रखते हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment