पलारी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में पलारी के होनहार प्रतिभागी दीपक कुमार तिवारी ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर अंचल का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता के दौरान दीपक ने “देश के विकास में एआई प्रभावी है या नहीं” विषय पर विपक्ष में अपने विचार रखते हुए तर्क, तथ्य और प्रभावशाली वक्तृत्व से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति को कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों और श्रोताओं ने खूब सराहा।
इस शानदार सफलता के साथ अब दीपक, जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि दीपक कुमार तिवारी एक युवा कवि के रूप में भी पहचान रखते हैं और एक सशक्त वक्ता के तौर पर विभिन्न मंचों एवं महाविद्यालयों में आमंत्रित किए जाते रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से मित्रों, शुभचिंतकों और परिवारजनों में हर्ष और गर्व का माहौल है।
क्षेत्रवासियों ने दीपक को बधाइयाँ देते हुए राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दी हैं।