रायगढ़, 15 नवंबर/
जिले में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश और पुनर्प्राप्ति के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रभावी अभियान ने एक बार फिर सराहनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 54 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे।
पिछले दो महीनों में साइबर सेल द्वारा रिकवर किए गए इन मोबाइलों की कीमत लगभग ₹9,72,000 आंकी गई है। इनमें कई बड़े ब्रांड — रेडमी, रियलमी, सैमसंग सहित अन्य कंपनियों के सेट शामिल हैं।
—
CEIR सिस्टम से मिल रही बड़ी मदद
एसपी पटेल ने बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की जानकारी CEIR पोर्टल पर दर्ज होने के बाद जब वह मोबाइल किसी भी नेटवर्क पर सक्रिय होता है, तो मोबाइल स्वामी के अल्टरनेट नंबर के साथ ही संबंधित थाने और साइबर सेल को भी अलर्ट भेजा जाता है।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर उसे बरामद करती है।
—
मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए चेतावनी
एसपी ने नागरिकों से अपील की—
“मोबाइल केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि इसमें कई निजी दस्तावेज, फोटो और वीडियो सुरक्षित रहते हैं। गलत हाथों में जाने पर इसका दुरुपयोग कर अपराध भी किया जा सकता है। यदि किसी को कोई गुम मोबाइल मिलता है, तो उसका उपयोग ना करें और निकटतम थाने में जमा कराएं। गलत उपयोग करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
—
एसपी दिव्यांग पटेल के कार्यकाल में बड़ी उपलब्धि
एसपी के निर्देशन में पिछले 18 महीनों में 400 से अधिक मोबाइल फोन रिकवर कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं।
वहीं, साइबर सेल की विभिन्न टीमों ने अब तक 2000 से अधिक गुम/चोरी हुए मोबाइल पुनः प्राप्त किए हैं, जो विभाग की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
—
राज्य की सीमाओं से बाहर तक गई पुलिस टीम
रिकवर किए गए मोबाइल केवल जिले के नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों —
ओडिशा, झारखंड, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार —
में उपयोग होते पाए गए, जिनके लिए पुलिस ने टीम भेजकर मोबाइल बरामद किए।
—
साइबर सेल टीम का योगदान
मोबाइल रिकवरी में निम्न अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा—
प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, दुर्गेश सिंह, बृजलाल गुर्जर, रेनू मंडावी,
आरक्षक धनंजय कश्यप, प्रशांत पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर, विक्रम सिंह,
विकास प्रधान, महेश पंडा, प्रताप बेहरा, सुरेश सिदार, नवीन शुक्ला,
रविन्द्र गुप्ता एवं महिला आरक्षक मेनका चौहान।
एडिशनल एसपी श्री आकाश मरकाम और साइबर सेल डीएसपी श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में टीम लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही है।