बलौदाबाजार, 28 अप्रैल 2026। ग्रीष्म ऋतु में पानी की कमी से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तालाबों को नहर के माध्यम से भरा जा रहा है। अब तक जिले के 450 तालाबों में पानी भर चुका है, जबकि 128 तालाबों में कार्य प्रगतिरत है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, महानदी जलाशय परियोजना की नहरों के जरिए जिले के 384 गांवों के 683 तालाबों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अधिकांश तालाबों में पानी पहुंच चुका है, जबकि शेष तालाबों में भी जल्द पानी भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
💧 निस्तारी समस्या से मिलेगी राहत
तालाबों में पानी भरने से ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में निस्तारी संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही इससे आसपास के क्षेत्रों में भू-जल स्तर में वृद्धि (वाटर रिचार्ज) होने की संभावना भी बढ़ेगी।
📌 कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने हाल ही में विभिन्न गांवों का दौरा कर तालाबों और नहरों का निरीक्षण किया था। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नहर का पानी व्यर्थ बहने से रोकने और कार्य की कड़ी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।