
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 7 जनवरी 2026।
ग्रामीण युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रोजेक्ट उन्नति अंतर्गत महात्मा गांधी नरेगा योजना से जुड़े श्रमिकों का 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण जनपद पंचायत पलारी के ग्राम पंचायत गबौद में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 25 ग्रामीण श्रमिकों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया और दक्ष राजमिस्त्री के रूप में उभरकर सामने आए।
यह प्रशिक्षण 1 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक संचालित किया गया, जिसमें उन श्रमिकों को प्राथमिकता दी गई जिन्होंने विगत वित्तीय वर्ष में नरेगा के अंतर्गत न्यूनतम 60 दिवस का कार्य पूर्ण किया था।
काउंसलिंग के माध्यम से हुआ चयन, मिला तकनीकी व व्यावहारिक ज्ञान
प्रशिक्षण के लिए पात्र एवं इच्छुक परिवारों का चयन जनपद पंचायत पलारी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पन्नालाल धु्रर्वे के मार्गदर्शन में काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राजमिस्त्री कार्य का तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे निर्माण कार्यों में दक्ष बन सकें।
स्वरोजगार की ओर मजबूत कदम — उद्यमिता एवं बैंकिंग की भी मिली जानकारी
इस 30 दिवसीय प्रशिक्षण में केवल तकनीकी कौशल ही नहीं, बल्कि प्रतिभागियों को बैंकिंग प्रक्रिया, ऋण व्यवस्था, सफल उद्यमिता, समय प्रबंधन, व्यवसाय योजना (बिजनेस प्लान) निर्माण तथा स्वरोजगार के अवसरों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। इससे प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का स्पष्ट मार्ग प्राप्त हुआ।
उपकरण किट से बढ़ा आत्मविश्वास
प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार राजमिस्त्री उपकरण किट भी प्रदान की गई, जिससे वे तुरंत कार्य प्रारंभ कर सकें और रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।
उन्नति 2.0 से बदलेगा पलारी के युवाओं का भविष्य
उन्नति 2.0 योजना के तहत संचालित यह कौशल विकास कार्यक्रम विकासखण्ड पलारी के युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला सिद्ध हो रहा है। इससे न केवल ग्रामीण युवाओं को रोजगार मिला है, बल्कि वे अब स्वरोजगार की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।