जिले में स्टॉप डायरिया कैम्पेन का किया गया शुभारंभ।

SARJU PRASAD SAHU

June 17, 2025

सरजू प्रसाद साहू।

बलौदाबाजार-: 17 जून 2025/ बारिश के मौसम में डायरिया जैसे रोग की रोकथाम हेतु जिले में स्टॉप डायरिया कैम्पेन 16 जून से शुरू कर दिया गया है जो 31 जुलाई तक ज़ारी रहेगा। अभियान के दौरान मरीज के परिजनों एवं बच्चों को दस्त प्रबंधन व हैंड वॉशिंग की विधि के बारे मेंजानकारी देने के साथ ही ओआरएस पाउडर एवं जिंक गोली का वितरण भी किया जाएगा।

कलेक्टर दीपक सोनी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ -साथ शिक्षा ,पंचायत, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी को समन्वय बना कर कार्य हेतु निर्देशित किया है। साथ ही किसी क्षेत्र में डायरिया की स्थिति पर तत्काल सूचना और रोकथाम हेतु सभी को सावधान रहने को कहा ।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि 0-5 वर्ष तक के बच्चों में डायरिया मृत्यु का मुख्य कारण है । डायरिया पाचन से संबंधित एक संक्रामक रोग है जिसमें व्यक्ति को दस्त आना शुरू हो जाते हैं। यह दूषित पानी और भोजन के सेवन से होता है। डायरिया में व्यक्ति को लगातार दस्त आते हैं जो यदि ठीक न हो तो निर्जलीकरण का कारण बन सकते हैं जिससे जान का खतरा हो सकता है । कुपोषित, शिशुओं, छोटे बच्चों, और कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों में इस तरह के खतरनाक संक्रमण का शिकार होने का खतरा अधिक होता है। डायरिया के कुछ लक्षण हैं -पतला दस्त,पेट में ऐंठन या मतली और  उल्टी,बुखार,निर्जलीकरण,भूख में कमी ।

समय पर उपचार न लेने से जान भी जा सकती है ।

डायरिया से बचाव हेतु साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए दूषित जल और खान-पान से बचना चाहिए । भोजन ताज़ा और आवश्यकता होने पर जल उबाल कर पीना सही रहता है । घर मुहल्ले में किसी को डायरिया के लक्षण होने पर तत्काल मितानिन तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता को सूचित करें।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment