ग्राम पौसरा जलमग्न: घरों में घुसा पानी, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम; प्रशासन ने शुरू कराई जल निकासी

SARJU PRASAD SAHU

July 26, 2026

महासमुंद/बसना। लगातार हो रही बारिश के बीच बसना विधानसभा के ग्राम पौसरा में जलभराव की समस्या ने विकराल रूप ले लिया। गांव में पानी भर जाने से कई घर जलमग्न हो गए और लोगों के घरों में पानी घुस गया। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को हाईवे पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस बार हालात इतने बिगड़ गए कि कई परिवारों के घरों में पानी भर गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के आंदोलन में शामिल होकर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

आंदोलन की सूचना मिलते ही बसना थाना प्रभारी शरद दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर जल निकासी का कार्य शुरू कराया। पानी की निकासी के लिए रास्ता खोला गया और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो सका।

इस दौरान मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्राम पौसरा की जलभराव समस्या का स्थायी समाधान जल्द नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment