‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बालिकाओं को दिया जा रहा 1 माह का आत्मरक्षा प्रशिक्षण

BIRENDRA KUMAR SEN

July 20, 2026

 ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बालिकाओं को दिया जा रहा 1 माह का आत्मरक्षा प्रशिक्षण

बलौदाबाजार | 20 जुलाई 2026

जिले में बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत एक माह का विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के नेतृत्व में यह प्रशिक्षण जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) द्वारा संचालित किया जा रहा है।

यह प्रशिक्षण जिले के पांच चयनित विद्यालयों एवं छात्रावासों—मिनीमाता शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कसडोल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिखली, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सोनाखान, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बोरसी ‘ब’ तथा शासकीय प्री. मैट्रिक अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास कसडोल में दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति का निडर होकर सामना कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को जूड़ो, कराटे और मुक्केबाजी जैसे मार्शल आर्ट के व्यावहारिक दांव-पेंच सिखाए जा रहे हैं।

इसके साथ ही, छात्राओं में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, मानसिक सजगता और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को बालिका सुरक्षा से संबंधित कानूनी अधिकारों और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

छात्राओं को सुरक्षा के गुर सिखाने के लिए ब्लैक बेल्ट धारक, अंतरराष्ट्रीय व राज्य स्तरीय अनुभवी मास्टर ट्रेनर संजय कुमार, कमल पटेल एवं सुश्री उमा कर्ष द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment