
रिपोर्टर टेकराम कोसले
सक्ती। नगर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन चुकी है। शहर की मुख्य सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे नागरिकों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। रोजाना लगने वाले जाम से लोग घंटों परेशान होते हैं और कई बार छोटी-छोटी बातों पर विवाद की नौबत भी आ जाती है।
नगर में बढ़ते अतिक्रमण को इस समस्या की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर वाय.एन. शर्मा के अनुसार, सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण और दुकानों के सामने ही ट्रक, पिकअप एवं अन्य मालवाहक वाहनों से लोडिंग-अनलोडिंग के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो रही है। इससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और लगातार जाम की स्थिति निर्मित होती है।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है और जब तक नगर पालिका प्रशासन सख्त कार्रवाई नहीं करेगा, तब तक ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है।
सक्ती नगर के प्रमुख स्थानों, विशेषकर अग्रसेन चौक, में प्रतिदिन सुबह से शाम तक भारी जाम देखने को मिलता है। यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे राहगीरों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों तक को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नगरवासियों ने प्रशासनिक उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर पालिका और प्रशासन संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने, यातायात नियंत्रण और व्यवस्थित पार्किंग की दिशा में ठोस पहल करें, ताकि सक्तीवासियों को रोजाना की इस समस्या से राहत मिल सके।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिम्मेदार विभाग कब सक्रिय होंगे और सक्ती नगर की जनता को इस लगातार बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था से कब मुक्ति मिलेगी।