खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी करने वाला शातिर आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, चाम्पा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

BIRENDRA KUMAR SEN

May 21, 2026

खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी करने वाला शातिर आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, चाम्पा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

जांजगीर-चांपा।

जांजगीर-चांपा जिले की चाम्पा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कीमती एक्साइड बैटरी बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिर्रा रोड चाम्पा निवासी प्रार्थी अक्षत तिवारी ‘ग्लोबल रोड कैरियर’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। दिनांक 20 मई 2026 की सुबह करीब 9 बजे जब वे रोज की तरह अपने दफ्तर पहुंचे, तो ट्रांसपोर्ट ऑफिस के सामने खड़ी डाला बॉडी ट्रक (क्रमांक CG 12 S 5566) के पास से कुछ आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो ट्रक की सीट पलटी हुई थी और एक अज्ञात व्यक्ति ट्रक की बैटरी चोरी कर भाग रहा था। हड़बड़ी में आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 AU 8152) भी मौके पर ही छोड़ गया था।

​घटना की शिकायत तत्काल चाम्पा थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 249/26, धारा 303 (2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीकृत कर विवेचना शुरू की।

​जांच के दौरान गवाहों और प्रार्थी के बयानों के आधार पर संदेही की पहचान अजय अनंत (उम्र 35 वर्ष, निवासी कोटाडबरी, चाम्पा) के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने ट्रक से बैटरी चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लाल रंग की ‘एक्साइड एक्सप्रेस’ बैटरी (कीमत करीब 11,500 रुपये) बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।

​इस त्वरित और सफल कार्रवाई में चाम्पा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक गौरीशंकर राय, ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे, आदित्य प्रताप, सुमंत कंवर और चाम्पा थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment