विश्वासघाती निकली नौकरानी, सूने घर से 2.5 लाख की नकदी और लॉकर लेकर फरार; पुलिस ने दबोचा

BIRENDRA KUMAR SEN

April 24, 2026

विश्वासघाती निकली नौकरानी, सूने घर से 2.5 लाख की नकदी और लॉकर लेकर फरार; पुलिस ने दबोचा

रायपुर: राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ घर की देखरेख के लिए रखी गई एक नौकरानी ने ही मालिक के भरोसे का कत्ल कर दिया। आरोपी युवती ने सूने घर का फायदा उठाकर अलमारी से ₹2.50 लाख नकद और पूरा लॉकर ही पार कर दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी अब सलाखों के पीछे है।

​घटना देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल निवासी देवाशीष गुरु के घर की है। देवाशीष ने पुलिस को बताया कि उन्होंने फरवरी 2026 में प्रिया ढीढी नाम की युवती को घर के काम और बच्ची की देखभाल के लिए नौकरी पर रखा था।

​21 अप्रैल की शाम देवाशीष एक शादी समारोह में शामिल होने बेमेतरा गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्ची शंकर नगर गई हुई थीं। घर में नौकरानी प्रिया अकेली थी। रात करीब 8 बजे जब उनकी पत्नी घर लौटीं, तो उनके होश उड़ गए। घर से प्रिया गायब थी और बेडरूम की अलमारी खुली पड़ी थी। जाँच करने पर पता चला कि अलमारी के भीतर रखा छोटा लॉकर, जिसमें ₹2.50 लाख नगद थे, वह भी गायब है।

​शिकायत मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने जब घर के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला, तो उसमें आरोपी प्रिया ढीढी संदिग्ध अवस्था में लॉकर लेकर जाते हुए कैद हो गई।

​पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के जाल की मदद से आरोपी युवती की तलाश शुरू की। दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में युवती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

  • बरामदगी: पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए पूरे ₹2.50 लाख नगद और तिजोरी (लॉकर) बरामद कर ली है।
  • कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment